मिर्जापुर। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ जिला ईकाई के बैनर तले इंजीनियरों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। वे सिंचाई विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर्स के विभिन्न सेवा संबंधी मामलों को एक वर्ष से रोके जाने को लेकर आंदोलित हैं। मांगों के समर्थन में आंदोलित इंजीनियरों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शित किया। इंजीनियरों ने प्रमुख अभियंता (परियोजना) सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग लखनऊ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिंचाई खंड चुनार कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किया।
सिंचाई खंड चुनार कार्यालय के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान संघ के जनपद अध्यक्ष इं. धर्मेन्द्र कुमार ने कहा लखनऊ के स्तर पर जानबूझकर जूनियर इंजीनियर के विभिन्न सेवा संबंधी प्रकरण एक वर्ष से अधिक समय से लंबित रखा गया है। जनपद सचिव इं. नरसिंह मौर्य ने कहा कि बार-बार पत्राचार व शिकायत के बावजूद प्रमुख अभियंता के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जनपद सचिव ने कहा इसके विरोध में 27 जुलाई को सभी संघ के सभी सदस्य जलशक्ति मंत्री को पोस्ट कार्ड भेजकर अपनी समस्या से अवगत कराने का कार्य करेंगे। प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष इं. एस.एन. प्रसाद, इं. तौकिद अहमद, एई इं. विनोद कुमार वैश्य, इं. हरिकेश, जेई संदीप यादव, शाहनवाज आलम, सिद्धार्थ यादव, कन्हैया चौहान आदि सदस्य उपस्थित रहे।