प्रवेश प्रक्रिया में धांधली को लेकर शुक्रवार को जीडी बिनानी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कालेज प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा, जिसमें कालेज प्रशासन की ओर से एमकाम प्रथम वर्ष 2014 की प्रवेश प्रक्रिया में धंाधली करने की शिकायत की। साथ ही जांच करा कर प्रवेश निरस्त कराने व वरीयता क्रम सूची में आए विद्यार्थियों का प्रवेश कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि जीडी बिनानी महाविद्यालय के एमकाम प्रथम वर्ष 2014 की प्रवेश प्रक्रिया में प्राचार्य व प्रवेश संयोजक की मिलीभगत से व्यापक पैमाने पर धांधली की गई है। एमकाम प्रथम वर्ष में छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के पूर्व निर्धारित 80 सीटों में से मात्र 76 सीटों पर प्रवेश लिया गया था।
साथ ही चार सीटों पर चुनाव संपन्न होने के बाद वरीयता क्रमांक सूची में आए विद्यार्थियों का प्रवेश लेने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन योग्य छात्रों के चुनाव बाद भी लगातार प्रवेश के लिए संपर्क करने पर प्राचार्य टालते रहे। साथ ही अपने नजदीकी छात्रों का प्रवेश कर लिया। क्रमांक सूची में नाम नहीं रहने के बाद भी आनलाइन परीक्षा फार्म भर कर प्रवेश समिति के सदस्यों को कोई सूचना नहीं दी गई। प्रदर्शन करने वालों में श्याम अचल यादव, राजन गुप्ता, अभिषेक कुशवाहा, अंकित सिंह यादव, अरुण, क्षितीज पटेल, सतीश सिंह, विपिन सिंह आदि शामिल रहे।