नरायनपुर। राहगीरों के आवागमन की कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने से नाराज बाजारवासियों के साथ सपा नेता रामराज सिंह ने शनिवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान निकालने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का हल न निकाला तो बाजारवासी के साथ उग्र आंदोलन करेंगे।
लगभग 28 वर्ष पहले नरायनपुर रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर बाइपास मार्ग का निर्माण करा दिया गया था। लेकिन रेलवे क्रॉसिंग के पास से प्रति दिन हजारों की संख्या में ग्रामीणों के अलावा किसान, मजदूर और छात्रों का आवागमन होता रहा। शुक्रवार को रेलवे की तरफ से क्रॉसिंग मार्ग को बंद करने की कार्रवाई को बाजार वासियों ने विरोध करते हुए रोक दिया। शनिवार को सपा नेता रामराज सिंह पटेल के नेतृत्व में बाजारवासी जुलूस निकालकर स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन देकर बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए रास्ता बंद न करने की मांग की। कहा यदि रास्ता बंद किया तो बाजारवासियों के साथ सपा आंदोलन तेज करेगी। इस दौरान रमेश सिंह, राजेश निषाद, कमला प्रसाद यादव, शिवशंकर यादव, प्रधान दीपक प्रजापति, अशोक केसरी आदि मौजूद रहे।