उपसा (उत्तर प्रदेश स्टेट हाइवे अथारिटी) के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे निर्माणाधीन वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क बनाने वाली कंपनी के जनरल मैनेजर से कहा कि सड़क का जल्द की उद्घाटन होना है, इसलिए सारी तैयारी पूरी कर ली जाए।
तैयारी में किसी प्रकार की देरी न होने पाए। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। चेतावनी दी कि गुणवत्ता परक सड़क नहीं बनाए जाने पर कार्रवाई भी हो सकती है। इसके बाद वह सड़क के रास्ते सोनभद्र रवाना हो गए।
सहगल का हेलीकाप्टर बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे क्षेत्र के क्षत्रपति शिवाजी इंटर कालेज खजुरौल के प्रांगण में उतरा। जहां से सीधे वह निर्माणाधीन वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग का निरीक्षण करते हुए कंपनी के जनरल मैनेजर से उसके प्रगति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह और कंपनी के जनरल मैनेजर से सड़क निर्माण में आने वाली समस्या के बारे में भी जाना। इस दौरान डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरायनपुर के सामने निर्मित रोड जो गड्ढे में तब्दील हो गई हैं, उसके गुणवत्ता की ओर ठेकेदोरों का ध्यान आकृष्ट कराया।
इस पर मौजूद कंपनी के जीएम ने बताया कि नरायनपुर जीरो राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। ढलान की बजह से सड़क को कुछ आगे बढ़ा दिया गया है। इस पर प्रमुख सचिव ने कहा कि एनएच के अधिकारियों से बात करके उसपर आरसीसी ढलवा दिया जाए। ताकि दुर्घटना न हो।
साथ ही लोगों को आने जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने चेतक इंटर प्राइजेज के जीएम को निर्देशित किया कि उक्त निर्माणाधीन मार्ग का उद्घाटन शीघ्र होना है। इसलिए रोड की सारी तैयारी शीघ्र करा ली जाए। टोल प्लाजा के कमरों की साफ सफाई, पेंटिंग और बोर्ड आदि जल्द लगवाया जाए।
यहां से निरीक्षण करने के बाद प्रमुख सचिव सोनभद्र के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सीडीओ अमित कुमार, उपजिलाधिकारी चुनार अवधेश मिश्रा, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।