मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के जासा बघौरा पट्टी गांव के सामने रविवार को देर शाम ट्रेन के आगे बच्चों के साथ कूद कर जान देने वाली मां की सोमवार को शिनाख्त होने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला के रुदईपुर गांव निवासी पार्वती उर्फ गंगा देवी (32) पत्नी महेंद्र कुमार अपने पांच वर्षीय पुत्री और दो वर्षीय पुत्र के साथ विंध्याचल थाना क्षेत्र के जासा बघौरा पट्टी गांव के सामने रविवार को देर शाम मालगाड़ी के आगे कूद कर जान दे दी थी। सोमवार को उसकी शिनाख्त हुई। मंगलवार को विंध्याचल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। विंध्याचल थानाध्यक्ष अतुल कुमार राय ने बताया कि मां और उसके दो बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल परिजनों की ओर से मौत का कोई कारण नहीं बताया गया है।