- अहरौरा के सत्यानगंज में बहू ने लगाया था जहरीला पदार्थ खिलाकर ससुर की हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
अहरौरा। पुलिस ने बहू की शिकायत पर अदलहाट के रैपुरिया श्मशान से ससुर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तो विषाक्त पदार्थ खिलाकर मौत के मामले की पुष्टि नहीं हुई। जहर खिलाकर ससुर की मौत का आरोप लगाने वाली शिकायतकर्ता बहू का मोबाइल भी बंद मिला। पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार की शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नगर क्षेत्र के सत्यानगंज निवासी प्रेमचंद (80) का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। परिजन अदलहाट थाना क्षेत्र के रैयपुरिया अंत्येष्टि स्थल पर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए तो बहू ने पीआरवी को सूचना देकर बताया कि ससुर को जहर खिला कर मारा गया है। इसमें शामिल लोग शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए हैं। शिकायती सूचना मिलते ही पुलिस ने अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया स्थित अंत्येष्टि स्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान जहरीला पदार्थ खिलाने की पुष्टि नहीं हुई तो शव परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया गया। देर शाम परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया। मामले में पुलिस को जिस मोबाइल से सूचना दी गई थी। उस नंबर पर पुलिस ने फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के खाने से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। जिस मोबाइल नंबर से शिकायत की गई है। वह मोबाइल नंबर भी बंद है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिला है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।