सीखड़। बिहार के हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के बाद शव को वाराणसी-मिर्जापुर बार्डर पर चुनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नंदूपुर गांव के पास सड़क किनारे फेंके जाने के मामले की पड़ताल करने बिहार गई पुलिस टीम ने संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की।
मिर्जापुर-वाराणसी बॉर्डर पर रविवार को भोर में सड़क किनारे खून से लथपथ तीन शव मिले थे। इनमें एक की शिनाख्त 40 वर्षीय पिंटू कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी अमरी तालाब करवरिया जनपद सासाराम के रूप में हुई। वह बिहार का हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा शव 35 वर्षीय राजकुमार उर्फ पिंटू यादव पुत्र घुघली यादव और तीसरा ओम कुमार पुत्र जमींदार साव निवासी जमुआ थाना गोरारी जिला रोहतास के रूप में हुई। राजकुमार पिंटू के स्कार्पियों का चालक था और ओम राजकुमार का साथी था। दो नामजद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देश पर सीओ चुनार सुशील कुमार यादव और कोतवाल चुनार गोपालजी गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को बिहार के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार और बुधवार को पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ कर हत्या के कारणों की तलाश में जुटी रही।