मिर्जापुर। पूर्ण बंदी के दूसरे दिन अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार और सीओ सिटी सुधीर कुमार ने नगर में भ्रमण कर लोगों से इसके पालन की अपील की। साथ ही नगर में अग्निशमन विभाग के वाहनों से सैनिटाइजेशन भी कराया गया। इस दौरान बिना कारण बाहर घूम रहे लोगों से पुलिस पूछताछ करती रही। बिना कारण घुमने वालों का चालान किया। दिन के साथ रात में भी सभी चौराहो, तिराहों पर तैनात पुलिस चेकिंग करती रही। रविवार को पुलिस ने बिना कारण घूम रहे व लाकडाउन का उल्लंघन करने वाले 454 व्यक्तियों से एक लाख 25 हजार 900 रुपये जुर्माना वसूला। 193 वाहनों का चालान किया गया।
कोविड-19 की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के बाद उसके प्रभावी नियंत्रण के लिए शासन द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के दृष्टिगत शुक्रवार की रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक पूर्ण बंदी रखी गई है। लाकडाउन के दौरान स्वास्थ्य व स्वच्छता जागरूकता के लिए एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर सुुधीर कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर रविंद्र कुमार और चीता वाहनों के साथ नगर में भ्रमण कर लोगों पूर्ण बंदी के पालन की अपील की। पुलिस की टीम पुलिस कार्यालय, कचहरी, संकट मोचन, घंटाघर, बसनही बाजार, त्रिमोहानी, सहित शहर क्षेत्र भ्रमण कर पूर्ण बंदी का शत प्रतिशत पालन करने के लिए आमजन से अपील की। शहर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड के वाहनों से सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। पूरे जिले में पुलिस महकमे के अधिकारी और थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में लोगों को संक्रमण से बचाव व सुरक्षा के लिए जागरूक किया।
उधर, पूर्ण बंदी के कारण रोडवेज पर भी यात्री नहीं पहुंचे, पर ट्रेन से आने वाले यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए स्टेशन परिसर में रोडवेज बसें लगाई गईं थी। रोडवेज के एआरएम हरिशंकर पांडेय ने बताया कि शाम छह बजे तक एक बसों से 27 यात्रियों को सोनभद्र रूट पर भेजा गया। इसमें जिले के मड़िहान, रोडवेज आदि स्थानों के भी लोग थे।