उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
मिर्जापुर देहात कोतवाली क्षेत्र के मवइया गांव के पास मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से 25 हजार का बदमाश घायल होकर बाइक समेत गिर गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस की गोली बदमाश के दायें पैर में लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
जिले में चोरी करने वाले एक आरोपी पर 25 हजार का इनाम रखा गया था। मंगलवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश मवइया गांव की ओर जाएगा। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में देहात कोतवाली व स्वाट टीम बदमाश को पकड़ने के लिए मवइया गांव पहुंची।
तभी बाइक से बदमाश रवि बिंद निवासी लखमापुर और उसका साथी गोलू बिंद आते दिखे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश रवि बिंद के दायें पैर में लगी। उसका दूसरा साथी गोलू बिंद मौका पाकर फरार हो गया।
पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। एएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 25 हजार के इनामी बदमाश रवि बिंद के पैर में गोली लगी है। असलहा व बाइक बरामद हुआ है। फरार बदमाश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।