मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की महत्वाकांक्षी ‘ग्रीन यूपी क्लीन यूपी’ अभियान को कुछ लोग पलीता लगा रहे हैं। पौधों को उजाड़कर जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। रविवार को लालगंज एसडीएम, वन क्षेत्राधिकारी व हलिया पुलिस ने पौधरोपण की जगह पर अवैध तरीके से लगाए दो मड़हे को उजड़वा लेकिन जमीन खाली नहीं करा पाए। कब्जा करने वालों ने तीर-धनुष से हमला कर दिया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में 11 जुलाई को एक दिन में पांच करोड़ 13 लाख पौधे लगाकर कीर्तिमान बनाया। इसके तहत मतवार बीट कुशियरा क्षेत्र के 50 हेक्टेयर भूमि में 25 हजार पौधे रोपे गए थे। पौधरोपण के कुछ दिनों बाद ही क्षेत्र के कुछ दंबग पहुंचे और पौधों को उखाड़कर फेंक दिया। जंगल की जमीन की हल से जुताई कर दी।
जानकारी होने पर वन क्षेत्राधिकारी वीके पांडेय के निर्देश पर बीट प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने 28 अगस्त को 35 लोगों के विरुद्ध वन अधिनियिम के तहत हलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उसके बाद भी दबंग पौधों को नष्ट करते रहे पुलिस तमाशबीन बनी रही। वन क्षेत्राधिकारी खुद फोर्स के साथ दो बार जंगल में गए लेकिन महिलाएं, बच्चे व अन्य लोग तीर-धनुष लेकर मरने-मारने पर अमादा हो जाते थे और उन्हें लौटना पड़ता। रविवार की दोपहर उपजिलाधिकारी लालगंज सुनील कुमार मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी वीके पांडेय व हलिया थानाध्यक्ष पहुंचे और वहां लगे दो मड़हों को नष्ट कराया लेकिन जमीन को खाली नहीं कराए पाए।