मिर्जापुर। महाशिवरात्रि के दूसरे दिन गंगा घाटों पर गंदगी का अंबार लगा रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को घाटों पर कहीं फूल-पत्ती और पूजन सामग्री तो कहीं कूड़ा बिखरा पड़ा था। कुछ घाटों पर तो स्नान पर्व के दौरान सिल्ट की सफाई तक नहीं कराई गई थी।
नगर के बरिया घाट, कचहरी घाट, फतहां घाट, गंगाराम घाट, बाबा घाट, सुुंदर घाट, पक्का घाट सहित अन्य घाटों व उसके आसपास गंदगी व्याप्त रही। साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह माला-फूल व अन्य पूजन सामग्रियां पड़ी रहीं। माला फूल व प्लास्टिक की थैलियां गंगा में गिरकर पानी में उतराई दिखीं। वहीं विंध्याचल स्थित गंगा घाटों पर गंदगी व्याप्त होने से आस्थाधाम आए श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई ऐसे घाट हैं जहां माह में एक बार भी झाड़ू नहीं लगाया जाता है।
नगर के मध्य स्थित बाबा घाट में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। घाट की गंदगी घाट पर रख दी जा रही है। गंदगी हवा के सहारे उड़कर गंगा में गिर रही है। बरियाघाट पर सील्ट जमा होने की वजह से स्नानार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।