मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन के वाहन स्टैंड पर शनिवार रात पार्किंग शुल्क देने के लिए विवाद हो गया। स्टैंड के कर्मचारी ने कुछ ऑटो चालकों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और गले से चेन छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी अमरेश कुमार सिंह ने तहरीर देकर बताया कि रेलवे स्टेशन पर उसका वाहन स्टैंड है। शनिवार की रात साढ़े 11 बजे ई-रिक्शा चालक बिना पर्ची लिए गाड़ी को स्टैंड में खड़ा करने लगा। कर्मचारी ने पर्ची लेने के लिए कहा तो पिटाई कर धमकी दी कि अभी कम मारे हैं। ज्यादा बोलोगे तो जान से मारकर फेंक देंगे। कटरा कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।