मिर्जापुर। लद्दाख के गलवां घाटी में चीन के साथ हुई हिंसक झड़प में भारतीय जवानों की शहादत के बाद आम लोगों में चीन के प्रति जबरदस्त गुस्सा व आक्रोश है। वह विभिन्न तरीकों से अपने आक्रोश को जता रहे हैं। कहीं चीन में निर्मित सामानों को जलाया जा रहा है तो कहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंका जा रहा है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गिरधर का चौराहा पर गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति के विरोध में प्रदर्शन किया और चीन निर्मित सामानों को जलाकर आक्रोश जताया। वक्ताओं ने कहा कि चीन अपने नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने हमारे देश के जवानों के साथ जो कायराना व्यवहार किया वह बर्दाश्त के बाहर है। इस अवसर पर जिला सह संयोजक गोपाल केसरवानी, रणविजय सिंह, पवन ऊमर, शुभम गुप्ता, सुब्रतो गुप्ता, विष्णु केसरवानी, विजय केसरी आदि थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मिर्जापुर काशी प्रांत के कार्यकर्ताओं ने गलवां घाटी में शहीद भारतीय जवानों को गुरुवार को श्रद्धांजलि दी। जिला संयोजक तरूण सिंह ने कहा कि हम सभी चीन निर्मित उत्पादों से दूूरी बनाने का काम करेंगे। साथ ही चीन के साफ्टवेयर और एप का भी बहिष्कार करेंगे। मांग की गई कि केंद्र सरकार हर चाइनीज टेंडर को कैंसिल कर दे। शिवांशु द्विवेदी, श्रेयांश सिंह, शिवा पांडेय, अतुुल गुप्ता, किशन साहू, अनुज सोनी आदि थे।
बरियाघाट में गुरुवार को नगर के युवाओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका और चीन मुर्दाबाद के नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि हम अपने इस संदेश से चीन को चेताना चाहते हैं कि यदि हमारे देश की संप्रभुता एवं अखंडता पर आंच आएगी तो हम सभी तरीके से अपने देश के साथ खड़े होकर उसका सामना करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर अंकित सिंह, प्रतीक पांडेय, पवन गोंड, विकास पांडेय, अभिषेक मौर्या, धर्मेश दुबे, आयुष जायसवाल, आशीष गुप्ता आदि थे।
गिरधर के चौराहा पर गुरुवार को स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने चीन के बने सामानों को जलाया। उन्होंने कहा कि चीन के बने सामानों का बहिष्कार कराया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि इन्हीं चीन निर्मित उत्पादों के चलते भारत का स्वदेशी व्यापार चौपट हो रहा है। इसलिए चीन के बने सामानों का बहिष्कार आवश्यक है। साथ ही चीन के विरूद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर दिवाकर मिश्र, शुभम तिवारी, जय यादव, सत्यम तिवारी, लोकश, दीपक पांडेय, पीयूष तिवारी, दिनेश विश्वकर्मा, पुष्कर सेठ, नईम, रमेश तिवारी आदि थे।
अदलहाट। विद्या संस्कार पब्लिक स्कूल कौड़ियाकला अदलहाट में गुरुवार को शिक्षकों ने भारत चीन सीमा पर शहीद हुए वीर सैनिकों की शहादत पर दो मिनट मौन रखते हुए कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि दी। चेयरमैंन डा. नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने कहाकि समय आ गया है, सरकार को चीन के खिलाफ ठोस रणनीति बनाए। कहा कि भारतीय शूरवीर जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। उनके बलिदान से प्रेरित संपूर्ण राष्ट्र चीन के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा हुआ इस अवसर पर डायरेक्टर सौम्या द्विवेदी, प्रवीण सिंह, आलोक सिंह, सचिन राय, अंकित श्रीवास्तव, संजय पांडेय आदि उपस्थित रहे।
अहरौरा। चाइना के प्रति लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जहां-तहां विरोध प्रदर्शन और चाइनीज राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंक कर आक्रोश जताया जा रहा है। दोपहर कुदारन चौराहे पर भाकियू भानू गुट के लोगों ने पुतला फूंक कर नारेबाजी की। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, फणीँद्र श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, जितेँद्र श्रीवास्तव, दीपक मौर्य, गोलू गुप्ता, विकास सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।