पड़री/जिगना। भीषण गर्मी में पहाड़ी ब्लॉक के 34 गांवों के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। जलस्तर खिसकने से गांवों में लगे हैंडपंप सूख गए हैं। हर घर नल योजना का काम कहीं भी पूरा नहीं हो पाया है। कहीं पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है तो कहीं कनेक्शन देने के बाद पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई। ऐसे में एक किलोमीटर दूर से लोग पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। हालांकि 18 गांवों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
पहाड़ी ब्लॉक के गांवों में हर घर जल नल योजना के काम में मनमानी के कारण लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। कहीं पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है तो कहीं कनेक्शन का काम अधूरा है। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च के बाद गांवों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। थानापुर प्रधान रामसागर भारती ने बताया कि उनके गांव के खुटहा एवं सिद्ध में पानी की विकराल स्थित है। टैंकर से पानी की आपूर्ति ग्रामीणों को की जा रही है।
इसी प्रकार दांती प्रधान जितेंद्र कुमार मौर्य, चेंदूली प्रधान गुंजा सिंह, गोपालपुर प्रधान त्रिवेणी, उमरिया के प्रधान पारसनाथ, पैहिंती प्रधान अश्विनी कुमार, पचोखरा के प्रधान अनिल कुमार सिंह, सुख नई प्रधान मंगला राय ,टोंगा प्रधान व्यास जी बिंद सुरवार प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर मौर्य, भोजपुरी पहाड़ी प्रधान रमाशंकर हिनौती प्रधान रितु सिंह, आदि ने बताया की लाखों रुपया खर्च कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए हर घर जल योजना यहां बेकार साबित हो रही है। गांव में आधा अधूरा पाइप बिछाकर काम छोड़ दिया गया है। घटिया सामग्री के उपयोग से पाइप लाइन फट रही हैं। ज्यादातर घरों में कनेक्शन भी नहीं दिए गए। इससे ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी पहाड़ी हरिओम गुप्ता ने बताया कि प्रधानोंं की शिकायत पर कई गांवों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिगना : क्षेत्र की 97 ग्राम पंचायतों में कोई भी ऐसा गांव नही है, जहां पेयजल आपूर्ति ठीक से हो रही है। 35 से ज्यादा ओवरहेड टैंक चालू करने का दावा कार्यदायी संस्था कर रहा है, लेकिन घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। ग्राम पंचायत तिलईमौआर, सुपंथा, ऊंचडीह, परवा, निफरा, नीबीगहरवार, सिंधुरिया, नदिनी, बभनी, विजयपुर, कामापुरकला, बघेडाखुर्द, बरबटा, चितौली, कुशहा, गैपुरा, बिहसडाकला, बीजरकला, चेहरा, देवरी मुतलिके गौरा, गोगांव, खैरा, बसेवरा, मिश्रपुर जासा बघौरा में नल की टोटियां सूखी हुई हैं।
वर्जन
-
झिंगुरा में ओवरहेड टैंक ग्राम पंचायत को हैंडओवर किया गया था। ग्राम पंचायत उसकी देखरेख नहीं कर पाईं। शासन की तरफ से एक एजेंसी को नामित की गई है। जल्द ही गांवों का सर्वे कराकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाएगी। -राजेश कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण)