मिर्जापुर। डीएम सुशील कुमार पटेल ने निर्देश दिया है कि सभी केंद्र प्रभारी गेहूं खरीद के सात दिनों के अंदर किसान को गेहूं के मूल्य का भुगतान करें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित केंद्र प्रभारी को स्पष्टीकरण देना होगा।
जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गेहूं खरीद को लेकर संबंधित क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों की बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों के गेहूं की खरीद निर्धारित पारदर्शिता के साथ किया जाय, ताकि किसानों के उत्पादन का मूल्य मिल सके। एसडीएम से कहा कि तीन दिनों के अंदर सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही 30 मई तक सीएमआर देने का निर्देश दिया। डीआरएमओ अजित कुमार त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में कुल 75 गेहूं क्रय केन्द्र खेले गये जिनमें से अभी 69 केन्द्र पर खरीद प्रारंभ की गई है। शेष छह केंद्रों पर खरीद न होने का कारण केंद्र प्रभारियों ने बताया कि धान के सीजन में क्रय किये धान का उठान अभी केंद्रों से मिलों के द्वारा नहीं किया गया है, जिसके चलते गोदाम में स्थान नहीं हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह के अन्दर संबंधित एजेंसी के जिला प्रबन्धक गोदामों से धाम का उठान सुनिश्चित करायें तथा तत्काल खरीद प्रारम्भ करायें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गौरव श्रीवास्तव, चुनार जितेंद्र कुमार, लालगंज शिव प्रसाद, डिप्टी आरएमओ अजीत त्रिपाठी, जिला प्रबंधक आरएफसी के अलावा सभी एजेंसियों के जिला प्रबंधक उपस्थित रहे।