‘उगअ उगअ ए सूरज देव भईल अरघ के बेर’। गीत गाती हुई महिलाएं कमर तक जल में खड़ी होकर शुक्रवार को सुबह भगवान भास्कर के उदय का इंतजार करती रहीं। जैसे ही पूरब के आकाश में लालिमा बिखरी सूर्य की आराधना शुरू हो गई। दूध, जल से अर्घ्य दिया गया और आरती उतारी गई। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण किया गया। घाटों पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए थे।
सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ, उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूजन अर्चन के साथ शुक्रवार को संपन्न हुआ। भगवान भाष्कर को अर्घ्य देने के लिए नगर के बरियाघाट पर आस्था का समंदर उमड़ा रहा। भोर में नगर के बरियाघाट, पक्काघाट, कचहरी घाट, दाउ जी घाट, सहित कई अन्य गंगा घाटों पर सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं का रेला उमड़ा रहा। गंगा जल में खड़ी व्रती महिलाओं तक जैसे ही भगवान सूर्य की पहली किरण पहुंची, अर्घ्य देने वालों का क्रम शुरू हो गया। महिलाएं रात्रि जागरण के बाद भोर में ही गंगा घाटों पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गाजे बाजे के साथ पहुंच गई थीं। भोर में पांच बजते बजते समस्त गंगा घाट श्रद्धालुओं से पट गए थे। सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं सहित उनके परिवार के सदस्य भी गाजे बाजे के साथ सिर पर दउरा में पूजन सामग्रियां लेकर गंगा घाटों पर पहुंचे थे। सूर्योदय के पूर्व ही व्रती महिलाएं पानी में सूप लेकर खड़ी हो गई थीं। सूर्य की पहली किरण फूटते ही दूध व गंगा जल से सूर्य को अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के साथ ही महिलाओं ने व्रत पूर्ण कर अपने बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर के विभिन्न घाटों पर पुलिस की ओर से चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे।
चुनार संवाददाता के अनुसार नगर के विभिन्न गंगा घाटों पर संतान प्राप्ति व उनके दीर्घायु होने के लिए छठ माता का पूजन व्रती महिलाओं ने करते हुए उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया। बालूघाट पर छठ पूजन के दौरान कांग्रेस सेवादल, बाबा विश्वनाथ सेवा मंडल, रौनियार वैश्य समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा अर्घ्य देने के लिए नि:शुल्क दूध व चाय का स्टाल लगाया गया। इस दौरान मंसूर अहमद, राकेश श्रीवास्तव, विनोद कुमार, बच्चा गुप्ता, अनिल गुप्ता, यासीन राईन, पारसनाथ, चंद्रहास गुप्ता, अंकित, अविनाश पंडित, अविनाश गुप्ता सहित नंदलाल केशरी, रानी सेठ आदि मौजूद रहे। अदलहाट संवाददाता के अनुसार उदयगामी सूर्य को अर्घ देकर अपने चार दिवसीय डाला छठ व्रत का समापन किया। व्रती महिलाएं चार बजे भोर से ही कमर तक पानी मे खड़ी रह कर उदयगामी सूर्य का इंतजार बड़े ही श्रद्धा भाव से कर रही थी। वह घड़ी आते ही उनके अंदर एक उर्जा का संचार दिखलाई पड़ा, और लगा कि छठ मइया का आशीर्वाद
डाला छठ के अवसर पर एक ओर जहां व्रती महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए निहारती रहीं, वहीं उनके साथ आए परिवार के अन्य सदस्यों ने हर पल को अपने कैमरे में कैद करने के लिए वीडियो क्लिप बनाए। साथ ही सेल्फी लेने का दौर भी चलता रहा। सोशल मीडिया पर त्योहार का उत्साह देखने को मिला। शुभाकामना देने वालों का तांता लगा रहा। छात्रसंघ चुनाव व निकाय चुनाव के कारण चुनाव लड़ने की मंशा रखने वालों ने भी घाटों पर होर्डिंग और पोस्टर लगवाए थे।