बरौंधा स्थित पीएसी कैंपस में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभाग करते पीएसी के जवान।
बरौंधा स्थित 39 वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर के तत्वावधान में सोमवार को पीएसी पूर्वी जोन की 44 वीं अंतर वाहिनी एलार्म एफिसिएंसी दौड़ और राइफल, रिवाल्वर, कारबाइन शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सुबह आठ बजे पुलिस उप महानिरीक्षक पीएसी वाराणसी अनुभाग डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने 39 वीं वाहिनी पीएसी के खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता में पीएसी की 11 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने सर्वप्रथम मुख्य अतिथि को मार्च पास्ट की सलामी दी। इसके बाद प्रतिभागियों को खेल भावना से संबंधित शपथ दिलाई गई। एलार्म एफिसिएंसी प्रतियोगिता में टीमों को 11 बाधाओं को पार करना था। जवानों ने पूरी सूझ बूझ का परिचय देते हुए संतुलन बना कर बाधाओं को पार करने की कोशिश की।
इस प्रतियोगिता में 26 वीं, चौथी और मेजबान 39 वीं वाहिनी की टीमों ने सभी बाधाओं को पार कर अंक जुटाए। अंकों में सर्वाधिक होने पर मेजबान 39 वीं वाहिनी ने सभी को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राइफल रिवाल्वर और कारबाइन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन प्रतियोगिता के दूसरे दिन किया जाएगा। इस मौके पर आयोजन सचिव आईपीएस अवधेश कुमार पांडेय, डा. राजीव कुमार, सुरेश प्रसाद शर्मा, विनोद कुमार दूबे, रजनीकांत राय, लालसा पांडेय, वरुण कुमार तिवारी, राकेश उपाध्याय, धनश्याम, मिथलेश कुमार राय, दानिश अनवर, कैलाश यादव, संतोष कुमार सिंह, विनय कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।