ग्रीन यूपी क्लीन यूपी की परिकल्पना के तहत सोमवार को जिले के 102 स्थानों पर 1501 हेक्टयर भूमि में 12 लाख 15 हजार पौधे रोपे गए। पौधरोपण के लिए तीन हजार अधिकारी व कर्मचारी तथा 17 हजार मजदूर लगाए गए थे। जंगली इलाकों के अलावा, स्कूलों, सरकारी विभागों समेत कुछ अन्य स्थानों पर पौधे लगाए गए हैं।
हलिया संवाददाता के अनुसार कैमूर वन्य जीव बिहार क्षेत्र हलिया में ग्रीन यूपी क्लीन यूपी योजना के तहत पौधरोपण की शुरूआत की गई। वन क्षेत्र के मतवार वन ब्लाक में पीपल का पौधा लगा कर कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए छानबे विधायक भाईलाल कोल ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का पूरे प्रदेश में एक साथ शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण कर वन क्षेत्र को विस्तार देकर पर्यावरण एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचा जा सका है। वन क्षेत्र के प्रभागीय वनाधिकारी ओपी सिंह ने कहा कि सरकार व विभाग द्वारा लागत लगा कर वन क्षेत्र में पौधरोपण कराया जाता है। पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आसपास के लेागों की भी है। क्षेत्रीय वनाधिकारी वीके पांडेय ने बताया कि हलिया वन क्षेत्र में कुल 692. 52 हेक्टेयर वन भूमि पर करीब साढ़े तीन लाख पौधे रोपे जा रहे हैं। इस मौके पर तहसीलदार केके पांडेय, थानाध्यक्ष हलिया आरके सिंह, वन दरोगा सीएन त्रिपाठी, जयप्रकाश, सहित वन कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मड़िहान तहसील क्षेत्र के लगभग 400 हेक्टेयर में तीन लाख पौधों का रोपण किया गया, जिसमें मड़िहान व सिरसी रेंज शामिल है। कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम लल्लनराम ने देवरी ग्रामसभा में शीशम का पौधा लगा कर किया। कार्यक्रम के दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, डीएफओ केके पांडेय व मुख्य वन संरक्षक, रेंजर आरसी पाठक व मनीष कुमार, बीडीओ सरिता सिंह आदि मौजूद रहे। अहरौरा क्षेत्र के लखनिया दरी, पियरी व खोराडीह में सोमवार की सुबह दस बजे से 15 हेक्टेयर भूमि में 40 हजार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ जमालपुर गंगाराम ने पियरी में आॅंवला का पौधा लगा कर किया। रामचंद्र, अशोक सिंह, मनीष अग्रहरी, प्रदीप सिंह, वन क्षेत्राधिकारी रमेश ंचंद्र शुक्ला, आदित्य धनराज, विनोद सिंह, गीता प्रसाद, माता पांडेय आदि मौजूद रहे।
कछवां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बरैनी तथा थाने के प्रांगण में 150 पौधे लगाए गए। जिसमें नीम, आम समेत अन्य पौधे शामिल हैं। बरैनी प्रधान जय देवी, कछवां थानाध्यक्ष दीप कुमार सोनी, नरेश यादव, राधेश्याम यादव, सुरेश यादव, धीरज पांडेय, राजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
चुनारः सोमवार को चुनार तहसील में पौधरोपण के लिए तहसील प्रशासन ने एक दर्जन से अधिक स्थानों को चिह्नित कर सोमवार शाम तक 50 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया। इसके अलावा इलाके के सभी थानों पुलिस चौकी और सरकारी गैर सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, स्कूलों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी पौध रोपण किए गए। पौधरोपण की कमान संभाल रहे उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार मिश्र ने बताया कि चुनार तहसील के सक्तेशगढ़ और अहरौरा में कुल 16 स्थानों को चिन्हित कर नीम, सागौन, इमली, करंग के पेड़ लगाए गए। क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार उत्तम ने बताया कि तहसील इलाके के जमालपुर, चुनार, अहरौरा, अदलहाट स्थित सभी थानों और पुलिस चौकी में आम, जामुन, आंवला नीम के पेड़ लगाए गए। विधायक जगतंबा सिंह, तहसीलदार चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी नायब तहसीलदार सहित अनेक तहसील कर्मी लगे रहे।