मिर्जापुर। मझवां विधानसभा उपचुनाव में मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सात जिलों से आई पुलिस के साथ ही नौ कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। विधानसभा क्षेत्र के 262 मतदान केंद्रों में से 137 पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पैरा मिलिट्री फोर्स पर होगी। इसके अलावा क्लस्टर मोबाइल और अन्य इलाकों में फोर्स तैनात रहेगी। जो गश्त करते हुए मतदान पर नजर रखेगी।
चुनाव कार्यालय के प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 33 उप निरीक्षक, 672 सिपाही, 705 होमगार्ड, नौ कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। कुल 262 मतदान केंद्रों में से 137 पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा बूथ के बाहर के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 133 निरीक्षक व उप निरीक्षक, 591 सिपाही, 139 होमगार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा अन्य जिले से तीन सीओ, 20 निरीक्षक, 15 उप निरीक्षक भी चुनाव ड्यूटी पर आए है। सुरक्षा व्यवस्था में तीन कंपनी एक प्लाटून पीएसी भी लगाई गई है। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, चंदौली से भी पुलिस फोर्स आई है। 63 क्लस्टर मोबाइल चुनाव क्षेत्र के छह थानों कछवां, पड़री, देहात कोतवाली, चील्ह, मड़िहान और विंध्याचल क्षेत्र में भ्रमण करती रहेगी। 41 सेक्टर मजिस्ट्रेट (उप निरीक्षक) तैनात रहेंगे। तीन जोनल मजिस्ट्रेट (निरीक्षक) भी तैनात रहेंगे। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में एएसपी निगरानी रखेंगे। मझवां विधानसभा उपचुनाव में 17 मतदान केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मी की भी तैनाती की गई है। देहात कोतवाली, पड़री और कछवां थाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर दो-दो महिला सिपाही तैनात रहेंगी। ताकि बुर्का पहनकर आने वाली महिला मतदाताओं की पहचान कर सकें।