मिर्जापुर। जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शुक्रवार को जिले के त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। साथ ही इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिसूचना के साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव किए जाएंगे। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन, मतदान, मतगणना व परिणाम की घोषणा संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत सदस्य के नामांकन पत्रों की बिक्री जिला पंचायत तथा नामांकन अपर जिलाधिकारी भू. रा. के न्यायालय में किया जाएगा। साथ ही परिणाम की घोषणा जिला मुख्यालय से की जाएगी। नामांकन पत्रों की बिक्री 27 मार्च से शुरू हो जाएगी। 13 से 15 अप्रैल तक नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को तथा उसी दिन नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। उसी दिन प्रतीक चिह्नों का आवंटन भी किया जाएगा। 26 अप्रैल को मतदान तथा दो मई को मतगणना होगी।
इनसेट
निर्वाचन की तैयारियों संबंधी बैठक आज
मिर्जापुर- जिला पंचायत सभागार में 27 मार्च को सुबह 11 बजे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी संबंधी बैठक आहूत की गई है। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार करेंगे। इसमें सभी प्रभारी, सहायक प्रभारी तथा सभी निर्वाचन अधिकारी शामिल होंगे।