मिर्जापुर। पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पूर्वी प्रयागराज ने बुधवार को 39 वी वाहिनी पीएसी का भ्रमण कर निरीक्षण किया। वाहिनी शस्त्रागार पर सलामी ली गई। इसके बाद आईजी द्वारा वाहिनी के जवानों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग के तहत सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें सभी अधिकारी, कर्मचारी व प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षी, जोनल में व्यवस्थित पोस्ट के पोस्ट कमांडर सम्मिलित हुए।
आईजी बीआर मीना ने जवानों को मानक के अनुरूप सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क लगाने, सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने, हाथों को बार-बार साबुन से धोने व साफ-सफाई पर ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने व स्वस्थ्य रहने के लिए नियमित व्यायाम, शुद्ध पौष्टिक आहार, नियमित दिनचर्या बनाये रखने के लिए कहा। आईजी ने दलनायकों और जवानों से उनकी व्यक्तिगत व सामुहिक समस्याओं के बारे में पूछा। समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित को आदेशित किया। इसके बाद वाहिनी चिकित्सालय, महिला कल्याण केन्द्र, जवानों के भोजनालय, वाहिनी नियंत्रण कक्ष, मुख्यालय शाखा, आरटीसी बैरेक, प्रशासनिक भवन,परिवहन शाखा, पुलिस मॉडर्न स्कूल, वाहिनी सब्सिडियरी कैंटीन आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद आईजी ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर सेनानायक सुभाष चन्द्र शाक्य, उप-सेनानायक लाल साहब यादव, सहायक सेनानायक महोदय प्रमोद कुमार यादव, शिविरपाल बिहारी सिंह यादव, विनय कुमार आदि रहे।