मिर्जापुर। सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने अन्य राज्यों में फंसे 57667 लोगों की शिकायतें दर्ज कर उन्हें सुरक्षित घर वापसी के लिए सीएम को पत्र लिखा है। साथ ही संबंधित राज्य सरकारों के मुख्यमंत्री कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की है।
सांसद के जिले के संसदीय कार्यालय, लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय तथा नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर दिन-रात लोगों की शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। खुद सांसद एवं उनकी टीम सुबह से देर रात तक लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित घर वापसी के लिए आश्वासन देते हुए उनके लिए पत्र तैयार कर रही है। पिछले एक सप्ताह के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में फंसे 57 हजार छह सौ 67 लोगों की शिकायतें दर्ज की गईं और इन्हें घर वापसी के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया। बताया गया कि मिर्जापुर, लखनऊ और नई दिल्ली स्थित आवास के अलावा सांसद के फेसबुक आईडी अनुप्रिया पटेल पर जाकर कोई भी व्यक्ति घर वापसी के लिए आवेदन कर सकता है।