पड़री पुलिस द्वारा नष्ट कराया जा रहा शराब। स्रोत- सोशल मीडिया
पड़री। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को जब्त अवैध शराब का निस्तारण कराया। अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) तृतीय की ओर से 23 जुलाई 2026 को जारी आदेश के बाद 10 हजार लीटर से अधिक अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न मामलों में जब्त 117 मुकदमों से संबंधित 9945 लीटर अंग्रेजी शराब नष्ट की गई। इसके अलावा 25 मुकदमों में जब्त 250 लीटर अवैध देशी-कच्ची शराब और विभिन्न मामलों से संबंधित 19.8 लीटर देशी शराब का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार पहाड़ी अरविंद पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शराब का विनष्टीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से विभिन्न मामलों में जब्त माल के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और कानून के दायरे में रहकर की गई।
सीओ सदर जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। न्यायालय के आदेश पर काफी मात्रा में जब्त शराब को नष्ट किया गया।