चील्ह। आर्केस्ट्रा में काम करने के बाद रुपये न मिलने पर कलाकार मंगलवार को चील्ह थाने पहुंच गए। काफी देर तक चली पंचायत में रुपये का भुगतान कराकर पुलिस ने कलाकारों को वाराणसी भेजा।
चील्ह थाना क्षेत्र के मलाधरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति आर्केस्ट्रा की बुकिंग करता है। आरोप है कि तीन दिन पहले लालगंज में हुए कार्यक्रम में वाराणसी से पांच महिला कलाकार बुलाई गई थीं। एक कलाकार को चार हजार के हिसाब से 20 हजार रुपये तय हुआ था। साथ कार्यक्रम के दौरान मिलने वाले इनाम में 60 प्रतिशत देने पर बात हुई थी। आर्केस्ट्रा के बाद बरात मालिक का कहना था कि जिन लड़कियों के फोटो देखकर बुकिंग की थी, वह कार्यक्रम में नहीं आईं। लड़कियां बदल दी गई हैं, इसलिए पैसा नहीं दिया जाएगा।
आर्केस्ट्रा मालिक ने पैसा ना मिलने पर भुगतान में असमर्थता जताई। इस पर विवाद हो गया। महिला कलाकार आर्केस्ट्रा मालिक के घर पर शोर मचाने लगी। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने पर ले आई। यहां 13000 रुपये के भुगतान पर समझौता हुआ। थानाध्यक्ष विजय शंकर ने बताया कि पैसे को लेकर आर्केस्ट्रा के कलाकार और आयोजक में विवाद था। पैसा दिलाकर मामला शांत करा दिया गया है।