कछवां। थाना क्षेत्र के आही गांव के गेट के पास बुधवार की रात बाइक और मोपेड के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची कछवां पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजवाया। जहां एक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
बुधवार की रात राजातालाब की ओर से मोपेड सवार अजीत सिंह (50) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी चड़ीया थाना कछवां अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में कछवां थाना क्षेत्र के आही गांव के गेट के पास बाइक सवार आशीष कुमार पटेल (30) पुत्र कमला पटेल निवासी परशूपुर थाना राजातालाब वाराणसी से आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां घटना हुई वह क्षेत्र वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पड़ता है। सूचना पर पहुंचे कछवां थानाध्यक्ष संजीत बहादुर सिंह ने मिर्जामुराद थाने को सूचना दी। दोनों को कछवां सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टर ने भी आशीष पटेल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अजित सिंह को वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजन भी मिर्जामुराद पुलिस के साथ ट्रॉमा सेंटर गए। वहां मृत घोषित करने के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्याय संजीत बहादुर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात मोपेड और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।