मिर्जापुर। जिले में एक मुश्त समाधान योजना के प्रथम चरण की तिथि विद्युत विभाग ने तीन जनवरी तक बढ़ा दी है। एक दिसंबर से शुरू हुई इस योजना में मंगलवार तक जिले में 9906 बकायेदारों ने 25. 07 करोड़ रुपये का बकाया जमा किया। विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता वितरण मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि जिले में 22006 बकायेदारों में से 27401 बकायेदारों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 9906 बकायेदारों ने 25. 07 करोड़ रुपये जमा किए। मुख्य अभियंता ने बताया कि मंडल के तीनों जिलों में कुल 547324 बकायेदारों में से 68656 ने पंजीकरण कराया और इसमें से 25712 ने कुल 57. 65 करोड़ का राजस्व विभाग में जमा किया। मुख्य अभियंता ने कहा कि जो बकाएदार हैं वह तीन जनवरी तक पंजीकरण करा सकते हैं। उनको वही लाभ मिलेगा जो कि 31 दिसंबर तक मिल रहा था। जो पंजीकरण करा चुके हैं, वह भी अपना बकाया जमा करा सकते हैं।
बिजली चोरी के 452 मामलों में जमा हुए 4. 20 करोड़-मिर्जापुर। मंडल के तीनों जिलों में बिजली चोरी के मामलों में कुल 452 मामलों का निबटारा हुआ। इसमें संबंधित लोगों ने 4. 20 करोड़ रुपये जमा किए। मुख्य अभियंता मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि मंडल के तीनों जिलों में बिजली चोरी के 14254 मामलों में से 1247 ने एक मुश्त समाधान योजना में पंजीकरण कराया जिसमें से 452 ने इसका लाभ लिया।