लालगंज/पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव के पास रविवार की रात बाइक और साइकिल भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई। साइकिल सवार और बाइक सवार दूसरा युवक घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
बहरछठ निवासी भगवानदास (25) पत्नी राधा व चचेरे भाई मुकेश (24) को लेकर रविवार की दोपहर लालगंज थाना क्षेत्र के बगहिया गांव ससुराल के लिए निकला था। ससुराल पहुंच कर पत्नी को छोड़कर दोनों चचेरे भाई देर शाम को बाइक से घूमने निकल गए। कोलकम गांव के सामने साइकिल सवार से टक्कर हो गई। इसमें बाइक चला रहे भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से साइकिल सवार का मंडलीय अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने मुकेश को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। भगवानदास की 14 दिन पूर्व ही शादी हुई थी।