ड्रमंडगंज/जिगना/राजगढ़। जिले के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार की रात और रविवार को सुबह हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सास-बहू समेत सात लोग घायल हो गए।
लालगंज के महुअट गांव के पास बोलेेरो की टक्कर से एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर श्रद्धालुओं की कार स्कार्पियो से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर गैपुरा चौराहे पर चबूतरे से टवेरा टकरा गई, जिससे पांच श्रद्धालु घायल हो गए। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गुरुआन निवासी ओमप्रकाश विश्वकर्मा (50) शनिवार की शाम साढ़े सात बजे महुअट गांव के पास पैदल सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान किसी बोलेरो ने उनको टक्कर मार दीा।
इससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए एक स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में दवा इलाज कराने के बाद उनको घर ले जाया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि बोलेरो और उसके चालक की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ निवासी पूजा जायसवाल (24) अपनी सास प्रमिला देवी (56) के साथ प्रयागराज स्नान करने जा रही थी। शनिवार की रात 11 बजे जैसे ही राजगढ़ थाना क्षेत्र के शाहगंज रोड स्थित नदीहार बाजार के पास पहुंची, तभी तिराहे के आगे बने ब्रेकर पर स्कॉर्पियो ने ब्रेक मार दी। इससे तेज रफ्तार में आ रही कार स्कार्पियों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में बैठी सास-बहू घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को राजगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, वाहन को हटाकर यातायात चालू कराया। थानाध्यक्ष राजगढ़ महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि पुलिस ने घायलों का इलाज करा कर घर भेजवा दिया।
प्रयागराज संगम से बालाघाट महाराष्ट्र जा रही टवेरा शनिवार की रात डेढ़ बजे गैपुरा से लालगंज की ओर मुड़ते समय गोल चबूतरे से टकरा गई। इससे वाहन सवार दिप्ती शर्मा (42), श्रद्धा (50), वाशनोई (19), ममता (42), पद्मा पटेल (30) घायल हो गई।
घटना की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष जिगना शैलेश राय ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोई भेजा। श्रद्धा की हालत गंभीर होने पर उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। सभी लोग संगम महाकुंभ में स्नान कर लौट रहे थे।