पेशेवर अपराधियों के खिलाफ गिरोह बंद अधिनियम के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में देेहात कोतवाली व कछवां थाने की पुलिस और राजस्व टीम ने मंगलवार को दो अपराधियों की एक करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली। इस वित्तीय वर्ष में अपराधियों के खिलाफ की गई यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। पिछले वर्ष शराब माफिया के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। पुलिस ने देहात कोतवाली के सिरसी गहरवार निवासी बब्बन सरोज की 50 लाख और कछवां थाना क्षेत्र के कटका निवासी प्यारे सेठ की 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की।
एएसपी सिटी ने बताया कि बब्बन सरोज शातिर गिरोह बंद अपराधी है। उसके गिरोह पर देहात कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। अपराधी प्यारे सेठ के खिलाफ कछवां थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। दोनों अपने व गैंग के सदस्यों के आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए आपराधिक व समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त हैं। इनके द्वारा अवैध संपत्ति अर्जित की गई। इनके पास अन्य कोई ज्ञात व वैध आय के श्रोत नहीं हैं। थाना प्रभारी कोतवाली देेहात और कछवां की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह के अनुमोदन पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया। जिसके बाद देेहात कोतवाली के सिरसी गरहवार में बब्बन सरोज द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति जमीन, मकान और पिकअप को जब्त कर लिया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है। कछवां के कटका निवासी प्यारे सेठ की जमीन को जब्त किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये है। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर शैलेंद्र त्रिपाठी, देहात कोतवाल विपिन सिंह, कछवां थानाध्यक्ष राम स्वरूप वर्मा आदि मौजूद रहे।