आपरेशन सिंदूर के प्रथम वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी ने सेना को धन्यवाद दिया फोटो, स्रोत पार्ट
-पहलगाम में हुए हमले में मारे गए 26 हिंदू श्रद्धालुओं को दी गई श्रद्धांजलि
मिर्जापुर। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर बृहस्पतिवार को बड़ी बसही में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सैनिकों को सम्मान दिया गया। जिला कार्यसमिति सदस्य विवेक बरनवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सेना के शौर्य को नमन करते हुए सैनिकों को धन्यवाद दिया गया। साथ ही पहलगाम हमले में मारे गए 26 हिंदू श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सात मई 2025 को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों को करारा जवाब दिया था। कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ मुंहतोड़ जवाब देना जानता है।
वक्ताओं ने कहा कि पहले की सरकारों के समय पाकिस्तान की ओर से लगातार साजिशें होती थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती थी। वर्तमान सरकार में आतंकवादी घटनाओं के बाद भारतीय सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। रक्षा क्षेत्र में लगातार मजबूती हासिल कर रहा है। भारत अब दूसरे देशों को हथियारों का निर्यात भी कर रहा है। इस दौरान बड़ी बसही शिव मंदिर समिति के महामंत्री अनिल जायसवाल, श्वेता मेहरोत्रा खत्री, शिप्रा बरनवाल, मनीष दुबे, शैलेंद्र पांडे, हरप्रीत कौर डंग, वंदना यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।