मिर्जापुर। कोविड की पाबंदियों के बावजूद अक्षय तृतीया पर नगर के कुछ गंगाघाट शुक्रवार को गुलजार रहे। भोर से ही लोग गंगा स्नान करने के लिए पहुंचने लगे। गंगा में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों के आसपास स्थित मंदिरों में दर्शन व पूजन किया।
कोरोनाकाल व लॉकडाउन के चलते जो गंगाघाट तक नहीं पहुंच सके उन लोगों ने घरों में ही स्नानकर भगवान विष्णु की पूजा अर्चना करते हुए कथा सुनी, सुनाई। पौराणिक कथाओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन त्रेतायुग का आरंभ हुआ था। इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इस दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम का जन्म हुआ था। इस दिन परशुराम जयंती भी मनाई जाती है। अक्षय तृतीया पर स्वर्ण आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है।