चुनार। तहसील क्षेत्र के चेचरी मोड़ स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद में धांधली का आरोप लगाया जा रहा। बुधवार को गेहूं लेकर पहुंचे किसान ने लिपिक पर अभद्र व्यवहार करने व रुपये लेकर खरीद के दौरान किसान का नंबर आगे पीछे करने का आरोप लगाया।
ग्राम पंचायत सुकुलपुरा निवासी प्रदीप कुमार सिंह बुधवार की सुबह केंद्र पर 50 क्विंटल गेहूं ट्रैक्टर से लेकर पहुंचा। वह शाम तक रहा लेकिन उसका गेहूं नहीं खरीदा गया। जबकि क्रय केंद्र से टोकन देकर बुधवार को खरीद करने के लिए बुलाया गया था। पूछने पर लिपिक ने कहा कि आज खरीद नहीं होगी, दूसरे दिन आना। इसके बाद काश्तकार ने ट्रैक्टर पर लदे गेहूं को क्रय केन्द्र के अंदर ले जाकर खड़ा कर दिया और गेहूं की खरीद उसी समय करने की बात कहने लगा। इससे दोनों में कहासुनी हो गई। केंद्र प्रभारी ने 112 नंबर पुलिस को भी इसकी सूचना देकर बुला लिया । मौके पर पहुंची पुलिस ने काश्तकार व लिपिक को शांत कराया। किसान ने केन्द्र की दुर्व्यवस्था पर रोष जताते हुए गेहूं को अब किसी अन्य को औने-पौने दाम पर ही बेच देने की बात कही है। वहीं केन्द्र प्रभारी अल्पना चौरसिया ने आरोपों को नकार दिया।