अदलहाट थाना क्षेत्र के कोलना जरगो फीडर मार्ग पर कोलना गांव के कोटे की दुकान के पास बुधवार की शाम पिकअप की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक जरगो फीडर पर पौनी गांव के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के कोलना गांव निवासिनी शांति देवी (75) बुधवार को शाम करीब चार बजे गांव के पूरब स्थित कोटे की दुकान पर राशन लेने आई थीं। वहां अंगूठा लगाकर घर वापस जाने लगीं। तभी कोलना गांव की तरफ से अदलहाट की तरफ आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दिया। जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।