मिर्जापुर। जिला क्षय रोग विभाग में जांच के लिए रखे सैकड़ों सैंपल बिना जांच के पड़े मिले। शुक्रवार को औचक निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. केके मिश्रा ने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को चेतावनी दी।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे सीएमओ डॉ. केके मिश्रा और एसीएमओ डॉ. मुकेश जिला क्षय रोग विभाग और अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। खबर में तीन महीने से पहली शिफ्ट में टीबी जांच ठप होने, सैंपल खराब होने और मरीजों को बार-बार बुलाने की समस्या उठाई गई थी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ सैंपल रखने के कक्ष में पहुंचे तो वहां सैकड़ों सैंपल बिना जांच के पड़े मिले। उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सैंपल की जांच प्रतिदिन की जाए, ताकि मरीजों को परेशान न होना पड़े। चेतावनी दी कि दोबारा सैंपल मंगाने, जांच के बाद फेंकने या मरीजों को बार-बार बुलाने की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तो दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें एक कर्मचारी बीमारी के कारण नहीं आया था, जबकि दूसरा कर्मचारी आशीष अनुपस्थित था। आशीष को अनुपस्थित दर्ज कर वेतन काटने का निर्देश दिया गया। सीएमओ ने कर्मचारियों को जांच में दोबारा लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी।
इनसेट-
-
सात करोड़ के उपकरण, ऑपरेशन ठप
भैरो प्रसाद नेत्र चिकित्सालय में सात करोड़ रुपये से उपकरण खरीदे गए, लेकिन छह माह बाद भी ऑपरेशन थियेटर शुरू नहीं हो सका। बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. केके मिश्रा के निरीक्षण में पता चला कि चिकित्सक को सभी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और कुछ उपकरण काम भी नहीं कर रहे हैं। स्टॉक रजिस्टर से सामान का मिलान भी नहीं हुआ है। सीएमओ ने लिपिक को सामान का मिलान कर ऑपरेशन थियेटर शुरू कराने और खराब उपकरण बदलवाने का निर्देश दिया।
इनसेट-
पोस्टमार्टम हाउस में खामियां
चुनार में 25 लाख रुपये से बन रहे पोस्टमार्टम हाउस का शुक्रवार को सीएमओ डॉ. केके मिश्रा ने निरीक्षण किया। खिड़की जाम, रोशनदान पर जाली न होने, पानी निकासी का ढलान ठीक नहीं होने और पंखे का रेगुलेटर नहीं लगे होने जैसी खामियां मिलीं। सीएमओ ने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को कमियां दूर कर मानक के अनुरूप निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।