कछवां थाना क्षेत्र के गोधना नई बस्ती में बृहस्पतिवार को सुुबह दो पक्ष के लोगों में जमीन संबंधी विवाद में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने निर्माण कार्य करा रहे वृद्ध के सिर पर फावड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वृद्ध की मौत हो जाने पर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर कछवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस अधीक्षक और सीओ सदर भी पहुंचे और परिवार और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र निवासी आत्माराम (60) की घर के बाहर चाय की दुकान है। बृहस्पतिवार को सुबह वे अपने बड़े पुत्र जीतलाल के साथ दीवार का निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान विपक्षी बजरंगी पाल पहुंच गया। उसने निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की, लेकिन आत्माराम ने निर्माण कार्य नहीं रोका। इस पर बजरंगी पाल, उसकी पत्नी सुनीता व उसके दो पुत्र राकेश पाल और धीरज पाल ने लाडी-डंडे से आत्मा राम पर हमला कर दिया। पिता पर हमला होने पर पुत्र जीतलाल बीचबचाव करने पहुंचा तो आरोपी उसे भी पीटने लगे। इस दौरान आरोपियों ने फावड़े से आत्माराम के सिर पर हमला कर दिया। इससे आत्माराम की मौके पर ही मौत हो गई। मौत होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर कछवां थानाध्यक्ष राम स्वरूप वर्मा मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ सदर देहात कोतवाली भी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंनेे परिजनों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के पुत्र जीतलाल की तहरीर पर पुलिस ने बजरंगी पाल, उसकी पत्नी और दोनों पुत्रों राकेश और धीरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आत्माराम से तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ा पुत्र घर पर ही पिता के साथ चाय की दुकान चलाता है। दूसरा सीएसएफ में नौकरी करता है। तीसरा प्राइवेट नौकरी करता है। दोनों लड़कियों की शादी हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह का कहना है कि दो पक्षों में जमीन संबंधी विवाद में एक पक्ष ने फावड़े से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से आत्माराम की मौत हो गई। चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।