चील्ह। बीते दिनों सड़क दुर्घटना में घायल 70 वर्षीय वृद्ध की रविवार को सुबह प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आए।
पुरजागीर निवासी शंकर लाल (70) बीते 31 अक्तूबर को शाम चील्ह चौराहा गए थे। वहां से साइकिल से अपने घर पुरजागीर लौट रहे थे। रास्ते में पुरजागीर पेट्रोल टंकी के पास मिर्जापुर से औराई की तरफ जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से टक्कर मार दिया। इस हादसे में शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजन घायल को मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी से परिजन स्वरूप रानी अस्पताल प्रयागराज ले जाकर उपचार करा रहे थे। इस बीच वहां उपचार के दौरान रविवार को सुबह करीब चार बजे उनकी मौत हो गई। वृद्ध के मौत की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रयागराज में पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि शंकर चील्ह तिराहे के पास स्थित वन विभाग के पौधशाला में लेबर के रूप में काम कर रहे थे। उनके पुत्र संतराम ने बताया कि उपचार के दौरान प्रयागराज में पिता की मौत हो गई।