हलिया। क्षेत्र के अमदह गांव में रविवार को सुबह बाइक क्षतिग्रस्त हो जाने के विवाद में पट्टीदारों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लेकर गई। जहां चिकित्सक ने एक की हालत गंभीर देख मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के अमदह गांव निवासी रोहित अपने बड़े पिता की बाइक लेकर रिश्तेदार के यहां गया था। बाइक गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। जब रोहित घर आया तो बड़े पिता के पुत्र रविंद्र, बालेश ने गाड़ी बनवाने को कहा। इस पर विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों ने 20 वर्षीय रोहित और बचाव में आए उसके पिता 50 वर्षीय हीरालाल की पिटाई कर दी। दोनों घायलाें का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में उपचार कराया गया। हालत गंभीर होने पर हीरालाल को रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज अरविंद सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर रविंद्र, बालेश और कलेक्टर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।