नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर पुलिस चौकी नरायनपुर के पास बुधवार की दोपहर बाद दो बाइकों की टक्कर के बाद बाइक सवार गिरकर ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। बाइक चला रहे अहरौरा चेयरमैन के भतीजे को हल्की चोट आई।
सोनभद्र जिले के हिंदवारी निवासी शिवकुमार मौर्या (65) को अपनी बाइक पर बैठा कर अहरौरा निवासी कृष्ण कुमार ( 30) पुत्र सुमन प्रसाद वाराणसी में सिटी स्कैन कराने ले गया था। वापस लौटते समय कृष्णा कोल्ड स्टोरेज नरायनपुर के पास वाराणसी जा रहे बाइक से टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर बैठे शिवकुमार मौर्या सड़क पर गिर गए। इस बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक चला रहा अहरौरा चेयरमैन का भतीजा कृष्णकुमार घायल हो गया। जिसे नरायनपुर स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घटना के बाद वाराणसी जा रहे बाइक सवार व मिर्जापुर जा रहा ट्रक का चालक फरार हो गए। चौकी प्रभारी नरायनपुर श्यामधर सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवकुमार मौर्या हिन्दवारी सोनभद्र में रहकर खेती किसानी का कार्य करते थे।