करीब डेढ़ महीने बाद मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इससे फरियादियों की भीड़ काफी कम देखने को मिली। जनपद के चारों तहसीलों में कुल 128 मामले आए जिसमें नौ का ही मौके पर निस्तारण हो सका। बाकी मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सदर तहसील में मंगलार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 69 मामले आए जिसमें सात का निस्तारण मौके पर किया गया। इस दौरान डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले प्रार्थना पत्रों को अधिकारी संबंधित पंजिका में दर्ज कराएं। साथ ही उसका गहनता से निरीक्षण करें। जांच कर लें कि किन विभागों के अधिक मामले आ रहे हैं। जिनका निस्तारण अभी तक नहीं हुआ है। प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चुनार संवाददाता के अनुसार उपजिलाधिकारी चुनार अवधेश मिश्रा व सीएमओ डा. अशोक चौरसिया, डिप्टी सीएमओ राजेंद्र सोनकर, बीडीओ आरपी यादव के नेतृत्व में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 22 मामले आए। लेकिन इस दौरान एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो पाया। मड़िहान संवाददाता के अनुसार तहसील दिवस पर मंगलवार को कुल 14 मामले आए। जिसमें एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान एडीएम वित्त राजस्व विजय बहादुर, एसडीएम जनेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। लालगंज संवाददाता के अनुसार एडीएम विजय बहादुर के नेतृत्व में तहसील दिवस का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न मामलों के 23 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर दो का निस्तारण किया गया। इस दौरान सीओ लालगंज आनंद कुमार, तहसीलदार विनोद सिंह, नायब तहसीलदार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।