चुनार। अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह ने शनिवार को नगर पालिका परिषद चुनार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कम वसूली पर नाराजगी जतायी और वसूली में तेजी लाने का निर्देश अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह को दिया।
इसके साथ ही पालिका सीमा अंतर्गत खराब पड़े हैंडपंपों का मरम्मत कराने, क्लोरीन डालकर पेयजल की आपूर्ति करने, नामांतरण व मानचित्र से संबंधित पत्रावलियों पर समय से कार्रवाई करते हुए उसे निस्तारित करने के लिए संबधित पटल से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया। सफाई निरीक्षक से कहा कि वार्ड के मुताबिक सफाई कर्मियों की संख्या पर्याप्त है। इसलिए नगर की साफ सफाई व्यवस्था में कमी नही रहे। पालिका के डिमांड रजिस्टर को भी देखा। अधिशासी अधिकारी से कहा कि कार्यदायी संस्था अथवा ठेकेदार द्वारा कराये गये निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने के बाद जिलाधिकारी की संस्तुति पर भुगतान करें। निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक शैलेश कुमार, लेखाकार शमशेर सिंह, कर निरीक्षक अजीत कुमार, गौरव पांडेय, संदीप कुमार आदि प्रमुख पालिका अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।