मिर्जापुर। कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं की अब हर महीने परीक्षा होगी। इसका उद्देश्य बालिकाओं की शैक्षिक प्रगति का मूल्यांकन करना है। ताकि समय रहते उनकी कमियों का आकलन कर उस विषय में उनकी प्रगति ठीक कराई जा सके। जिले में वर्तमान में 10 विकास खंडों के कस्तूरबा विद्यालयों में 1000 छात्राएं पंजीकृत हैं।
कस्तूरबा विद्यालयों में इसी सत्र से मासिक परीक्षा शुरू होगी। इन विद्यालयों मेंं वैसे तो सभी विषयों की पढ़ाई होती है, लेकिन गणित तथा भाषा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसका उद्देश्य यह है कि यदि कोई बालिका बीच में ही किसी कारण से पढ़ाई छोड़ती है तो उसे व्यावहारिक जीवन में कोई समस्या न हो। वैसे भी कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में ऑउट ऑफ स्कूल बालिकाओं को ही प्रवेश दिया जाता है। विद्यालय पूरी तरह से आवासीय है और इसमें छात्राओं को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। डीसी बालिका शिक्षा केशराज सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों में इसी सत्र से मासिक परीक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। इसके लिए सभी कस्तूरबा बालिका विद्यालयों की वार्डन को निर्देश दिए गए हैं।