मिर्जापुर। मेडिकल कॉलेज के अधीन मंडलीय अस्पताल में अब एचआईवी व हेपेटाइटिस बी पीड़ित मरीजों का भी ऑपरेशन होगा। इन रोगों से पीड़ित मरीज के लिए पहले अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा नहीं थी, परंतु अब ऑपरेशन थियेटर में सुविधाएं बढ़ा दी गई हैं। अब इन रोगों से पीड़ित मरीजों का ऑपरेशन मंडलीय अस्पताल में हो सकेगा।
एचआईवी और हेपेटाइटिस बी संक्रमण की बीमारी है। इसमें मरीजों के रक्त का किसी और मरीज के रक्त से संपर्क होने पर उसे भी संक्रमण होने का खतरा रहता है। दोनों जानलेवा बीमारी हैं। इन बीमारियों से पीड़ित मरीज को अगर हड्डी, पित्त की पथरी आदि का ऑपरेशन कराना रहता था तो उसको वाराणसी जाना पड़ता था। मंडलीय अस्पताल में सुविधा नहीं होने के कारण यहां पर इन रोगों से पीड़ित लोगों का ऑपरेशन नहीं हो पाता था। एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह ने बताया कि एचआईवी और हेपेटाइटिस बी के मरीजों का ऑपरेशन करते समय उनको लगाई गई निडिल अथवा ऑपरेशन में प्रयुक्त अन्य उपकरण के लगने से संक्रमण का खतरा रहता है। ज्यादा खतरा संक्रमित मरीज को लगाए गए निडिल ऑपरेशन करने वाले डाॅक्टर अथवा अन्य कर्मचारी को लगने का खतरा रहता है। इस कारण पहले ऑपरेशन नहीं होता था, परंतु डबल प्रोटेक्शन किट होने के कारण डॉक्टर सुरक्षित होकर ऑपरेशन कर सकेंगे। इसमें डाॅक्टर पहले गाउन पहनते हैं। इसके बाद किट पहनते हैं। इसके पहनने से खतरा कम हो जाता है। अस्पताल में एक एचआईवी और एक हेपेटाइटिस बी पीड़ित मरीज का ऑपरेशन हुआ है। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ.तरुण सिंह का कहना है कि पहले यहां हेपेटाइटिस बी और एचआईवी पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन नहीं हो पाता था। अब डबल प्रोटेक्शन किट पहनकर डाॅक्टर ऑपरेशन कर रहे हैं।