लालगंज। जिले के अतरैला शिव गुलाम समेत देश के 42 टोल प्लाजा में 120 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा होने के बाद पुलिस और एसटीएफ और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। लालगंज पुलिस ने छह जिलों के संबंधित टोल प्लाजा को नोटिस जारी किया है। देश भर के 150 से 200 टोल प्लाजा की जांच एसटीएफ कर रही है।
साफ्टवेयर के माध्यम से देश के 42 टोल प्लाजा से 120 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में एसटीएफ लखनऊ की टीम ने अब तक चार आरोपियों मनीष मिश्रा, राजू मिश्रा, आलोक कुमार सिंह और सावन लाल कुम्हावत को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि एक अन्य आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया।
एसटीएफ की पूछताछ में मुख्य आरोपी आलोक कुमार सिंह ने बताया था कि उसने देशभर के 42 टोल प्लाजा पर सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किया था, जिसके जरिये टोल टैक्स कलेक्शन की असली राशि को छुपाकर हेराफेरी की जा रही थी। लालगंज थाना में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
वहीं, लालगंज पुलिस ने प्रयागराज, बरेली, गोरखपुर और वाराणसी समेत छह जिलों के टोल प्लाजा को नोटिस जारी किया है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि जांच के घेरे में दायरे में टोल प्लाजा को नोटिस भेजा गया है।