मिर्जापुर। फरवरी माह के दूसरे शनिवार को जिले के सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शहरी इलाके के थानों में कम और ग्रामीण इलाकों के थानों में फरियादी अधिक आई। कोतवाली शहर में एक भी फरियादी नहीं पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कोतवाली देहात में फरियादियों की फरियाद सुनी। कोतवाली देहात में जमीन विवाद संबंधी मामले में एसपी ने पुलिस और राजस्व टीम को मौके पर जाकर घटना का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिले के सभी थानों में कुल 73 मामले आए। इसमें 14 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य के लिए टीम को रवाना किया गया। सात थानों में एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इसमें कटरा कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र, कोतवाली देहात में तीन, थाना चील्ह में तीन, अदलहाट में चार, हलिया में नौ,अहरौरा में चार व मड़िहान में आए 14 मामलों में एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। थाना विन्ध्याचल में छह में चार, कछवां थाने में 11 में तीन, पड़री में छह में दो, चुनार में सात में एक, जमालपुर में एक में एक, लालगंज में दो में एक, जिगना में दो में दो मामले का निस्तारण हुआ।
कोतवाली शहर
दोपहर 12 बजे कोतवाली शहर में एक भी मामला नहीं आया था। प्रभारी कोतवाल चंद्रशेखर सिंह नगरपालिका कर्मचारियों और राजस्व के साथ बैठे रहे। पुलिस अधिकारी इंतजार करते रहे, पर कोई नहीं आया। दोपहर दो बजे तक कोई नहीं आया।
देहात कोतवाली
दोपहर साढ़े 12 बजे पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह कोतवाली देहात में पहुंचे। इस दौरान इंदी पर्वतपुर गांव निवासी संजय कुमार ने पटिदार से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद के बारे में बताया। एसपी ने फरियादी की फरियाद सुनने के बाद राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
कटरा कोतवाली
दोपहर एक बजे कोतवाली कटरा में चोरवाबारी गांव निवासी किशोरी पुत्र कल्लू मौके पर पहुंचे थे। किशोरी ने बताया कि पटिदार उसकी जमीन पर कब्जा कर लिए है। कटरा कोतवाल प्रमोद कुमार यादव ने मामले की सुनवाई कर मामले का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
थाना लालगंज
क्षेत्र के बल्हिया खुर्द और भर्रोह सीमांकन को लेकर आधा दर्जन से अधिक बार नापी के बाद भी चकरोड और काश्तकार की जमीन स्पष्ट न होने के कारण विवाद बना हुआ है। इस जमीन को लेकर के विवाद का कारण जमीन के बॉर्डर के होने वजह से काश्तकारों की जमीन कम पड़ रही है। जिसके कारण चकरोड की जमीन सही नहीं बैठ पा रही है। समाधान दिवस में थाने पर पहुंच कर लोगों ने समस्या के निस्तारण की मांग किया। समाधान दिवस में तहसीलदार ओमप्रकाश पांडे शनिवार को टीम गठित कर मौके पर जाकर के जमीन का सीमांकन और विवाद निस्तारण का आदेश दिया।
चुनार कोतवाली
समाधान दिवस में बहरामगंज निवासी हीरालाल बिंद ने शिकायती प्रार्थना दिया कि रामबाग इलाके में पारिवारिक भूमि हैं। जिसका आपसी बटवारा तीनों भाईयों के बीच हो चुका है। बावजूद इसके एक भाई द्वारा जबरन दो भाईयों के हिस्से की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। मना करने पर वह मारपीट पर अमादा है। प्रार्थना पत्र पर उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र बहादुर सिंह ने कोतवाल चुनार को जांचकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक सुशील कुमार यादव, तहसीलदार अरूण कुमार गिरि व कोतवाल गोपालजी गुप्ता मौजूद रहे।
थाना चील्ह
क्षेत्र के तिलठी निवासी तेज बहादुर दुबे ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 24 वर्ष पूर्व एक व्यक्ति को 15 विस्वा जमीन बेचे थे। वह उनकी शेष बची 15 विस्वा जमीन को जबरदस्ती कब्जा करना चाहता है। जमीन उसके नाम लिखने के लिए दबाव बना रहा है, न करने पर खेत में पानी और खाद में नहीं डालने दे रहा है। आए दिन विवाद व मारपीट करने पर आमादा है। थानाध्यक्ष ने प्रार्थना पत्र को चेतगंज चौकी प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
थाना हलिया
हथेड़ा गांव निवासी अरुण मौर्य ने भूमि संबंधित प्रार्थना पत्र देकर निस्तारण की मांग किया। कोटार गांव निवासी गिरधर प्रसाद ने वर्षों से पारिवारिक विवादित बड़ी भूमिका निस्तारण हेतु प्रार्थना पत्र दिया।एसडीएम ने प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि प्रार्थना पत्र के निस्तारण में किसी प्रकार की कोई लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। समाधान दिवस पर एसडीएम लालगंज जंगबहादुर यादव ने फरियाद सुना। इस दौरान रमाकांत यादव,लेखपाल राहुल यादव, अनिल पटेल, राजकुमार, अरुण कुमार, जगदीश पटेल,कृष्ण चंद यादव,मुकेश पांडेय सहित राजस्व चकबंदी के लेखपाल मौजूद रहे।
कोतवाली विंध्याचल
समाधान दिवस पर क्षेत्र के तुलसी तलिया घमहापुर का निवासी नेम नारायण मिश्रा ने थाने पहुंच कर बतया कि उसकी जमीन विंध्याचल उर्फ शरिफपुर तहसील सदर में है। जहां पर 20 फुट चौड़ा रास्ता बनाया गया है। जमीन के पास बनी सड़क पर लोग अवैध प्लाटिंग कर रहे। लोगों द्वारा जगह-जगह से सड़क काटकर भवन निर्माण राया जा रहा है। एसडीएम ने थाना अध्यक्ष को राजस्व कर्मियों के साथ भूमि की पैमाइश कर कार्य को रोकने व जनहित में सड़क मार्ग में हो रहे व्यवधान को समाप्त कराने का आश्वासन दिया।