पटेहरा। कोविड-19 नोडल अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने पटेहरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी समेत चिकित्सक समेत काउंसलर अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान डिलेवरी रूम में कोविड हेल्प डेस्क सेंटर की स्थापना न होने पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जताई।
विकास खंड पटेहरा कला स्थित पीएचसी शनिवार को पहुंचे नोडल अधिकारी ने सबसे पहले उपस्थित पंजिका को देखा तो प्रभारी डॉक्टर वाजिद जमील समेत डॉक्टर सत्यप्रकाश गुप्ता, डॉक्टर प्रकाश यादव (संविदा) और मेडिकल अधिकारी राजकुमार व काउंसलर सरस्वती अनुपस्थित मिले। नोडल ने प्रभारी से फोन कर जानकारी ली तो उन्होंने दोनों अनुपस्थित डॉक्टर व काउंसलर को अनुमति लेकर अवकाश पर व डॉक्टर राजकुमार को कोविड-19 में जिले पर ड्यूटी लगने और खुद को रास्ते में होने की बात बताई।
कुछ देर बाद ही पीएचसी पहुंचे प्रभारी ने नोडल को बताया कि कोविड हेल्प डेस्क लगा था। साफ-सफाई पर नोडल अधिकारी ने संतोष जताया। ओपीडी में निरीक्षण के दौरान छह मरीजों का पंजीकरण पाया जिन्हे दवा भी दी गई थी। उन्होने लैब टेक्नीशियन से जांच आदि के बारे में पूछताछ की। डिलेवरी रूम में लेडीज डॉक्टर और कोविड हेल्प डेस्क सेंटर न होने पर स्टाप नर्स को फटकार लगाया। उन्होंने कहा कि यहां आए प्रत्येक मरीज सबसे पहले थर्मल स्क्रीनिंग करांए जांए। उन्होंने एम्बुलेंस सेवा 102 और 108 के पायलट और एमटी से जानकारी ली।