एक तरफ प्रदेश सरकार उद्यमियों को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं प्रस्तावित महायोजना 2031 में नये उद्योगों की स्थापना के लिए कोई स्थान निर्धारित नहीं किए जाने पर उद्यमियों ने आपत्ति जताई है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनदास अग्रवाल ने मिर्जापुर विकास प्राधिकरण के सचिव को पत्रक सौंपकर प्रस्तावित महायोजना 2031 पर आपत्ति जताई है। अध्यक्ष ने कहा है कि मिर्जापुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में महायोजना 2031 का एक नक्शा प्रदर्शित है। उसे देखने के पश्चात हुआ कि नगर में नये उद्योगों की स्थापना के लिए उस नक्शे में कोई भी स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। आईआईए के अध्यक्ष ने मांग की कि हनुमान पड़रा क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। आईआईए के सचिव मनोज खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि समय-समय पर नगर में प्रदूषण के नाम पर पीतल नगरी को उजाड़ने का कार्य किया जाता रहा है। यदि औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार किया जाए तो जहां वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को सहूलियत होगी, वहीं बाहर के बड़े उद्यमियों को भी उद्योग स्थापित करने में सुविधा होगी।