हलिया थाना क्षेत्र के हलिया लालगंज मार्ग पर बसुहरा सुसुआड़ नाले के आगे बुधवार को आटो अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार नौ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर गए। जहां एक की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के पुरवा औसान सिंह गांव निवासी श्याम नारायण कोल के घर से उनके परिजन मनीष कुमार, विकास कुमार, सुनील, अखिलेश कुमार, लाल बिहारी कोल, प्यारे लाल, राजन ऑटो पर सवार होकर दीपनगर के अमोई से घर वापस आ रहे थे। ऑटो राकेश चला रहा था। वह जैसे ही हलिया लालगंज मार्ग बसुहरा गांव सुसुआड़ नाले के आगे पंहुचा, ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ऑटो सवार लोग घायल हो गए। ऑटो पलटने की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां पर अखिलेश मौर्य की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।