पटेहरा। मड़िहान तहसील क्षेत्र के रैकरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को नौ बच्चों को एक साथ पेंटावेलेंट वैक्सीन का टीकाकरण किया गया था। इसमें देर रात चार माह के एक बच्चे की बुधवार की देर रात मौत हो गई। परिजन बृहस्पतिवार की सुबह चार माह के बच्चे को लेकर पीएचसी पटेहरा पहुंचे। जहां डाक्टर वाजिद जमील ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। नवजात की मौत पर परिजन हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा कर मामला शांत कराया।
रैकरा निवासी विजय शंकर ने आरोप लगाया कि उनके चार माह के बच्चे साजन की टीका लगाने से मौत हो गई। पिता ने बताया कि टीकाकरण के बाद से ही बच्चा रो रहा था। देर रात लगभग दो बजे तक बच्चा ठीक था, उसके बाद वह सो गया। सुबह जब बच्चे की मां घर के काम काज निपटाकर बच्चे के पास पहुंची और उसे उठाने लगी तो बच्चा नहीं उठा। बच्चे को देख मां चिल्लाने लगी। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पिता बच्चे को पीएचसी रैकरा ले गए। जहां से उसे पटेहरा पीएचसी भेज दिया गया। पटेहरा पीएचसी पहुंचते ही डा. वाजिद जमील ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन टीकाकरण से मौत होने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पटेहरा चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पीएचसी के प्रभारी डॉक्टर वाजिद जमील ने बताया कि वैक्सीन से किसी की मौत नहीं होती है। बच्चे की मौत अन्य कारणों से हुई होगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ निलेश श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चे को दूसरा टीका लगाया गया है। टीका से कोई इंफेक्शन होना होता तो पहले ही टीके पर हो जाता।