- हलिया की समीक्षा बैठक में सचिवों को चेतावनी, बबुरा भैरोदयाल में सामुदायिक शौचालय बनाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हलिया। जिला पंचायत राज अधिकारी रामउदय यादव ने मंगलवार को हलिया ब्लॉक में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा बैठक कर स्वच्छता एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। स्पष्ट कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में नियमित कूड़ा उठान और निस्तारण का कार्य नहीं हो रहा है, वहां जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि ब्लॉक की सभी 79 ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। डीपीआरओ ने निर्देश दिया कि हर ग्राम पंचायत में कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित हो रहे और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी 79 ग्राम पंचायतों में विंध्य स्वच्छता प्रतिष्ठान, जन सेवा केंद्र तथा रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) संचालित हैं। सामुदायिक शौचालयों की समीक्षा में बताया गया कि बबुरा भैरोदयाल ग्राम पंचायत में हाईवे निर्माण के कारण कार्य प्रभावित है। इस पर डीपीआरओ ने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक स्थान पर शीघ्र सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समन्वयक विनोद श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।