अहरौरा। जय गुरुदेव धर्म प्रचारक मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज महाराज की 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा मंगलवार को 89वें पड़ाव पर क्षेत्र के मदापुर गांव पहुंची। यहां आयोजित सत्संग के दौरान अनूठा विवाह समारोह भी हुआ।
विज्ञापन
सत्संग पंडाल में वाराणसी के सारनाथ स्थित नवापुर निवासी नीतू मौर्य और जौनपुर के फतेहगंज निवासी गुरुप्रसाद मौर्य ने सत्संग पंडाल में एक-दूसरे के साथ सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। पंकज महाराज ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
सोमवार को अहरौरा डीह में सत्संग कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जय गुरुदेव की यात्रा मदापुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान शाम को वर-वधू की वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। मंगलवार को सत्संग में पंकज महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रवचन दिया। उन्होंने लोगों को शाकाहार अपनाने और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।